आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा ने सभी कॉलेजों को दिए निगरानी दलों के गठन के निर्देश।
जयपुर। कॉलेज शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी कॉलेज प्राचार्य को निर्देशित किया है कि कॉलेज परिसर में गुटखा, तंबाखू खाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से एक कमेटी गठित होगी जिसमें कॉलेज प्रशासन का अधिकारी, छात्र प्रतिनिधि और पुलिस का एक प्रतिनिधि शामिल होगा। आयुक्तालय ने कमेटी गठित कर इसकी सूचना जल्द से जल्द निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
कॉलेज शिक्षा निदेशक सुबीर कुमार की ओर से पिछले सप्ताह प्रदेश के सभी कॉलेज प्राचार्य को एक पत्र लिखा गया है जिसमें इस कमेटी के गठन के लिए कहा गया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि कॉलेज परिसर के आसपास पूर्व में बने नियमों के तहत किसी भी प्रकार के गुटखे, तंबाखू को बेचने पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए। यदि औचक जांच में कहीं इसकी पुष्टि होती है तो कॉलेज प्रशासन भी इसके लिए जिम्मेदार होगा। उल्लेखनीय है कि कॉलेजों में गुटखा, तंबाखू खाने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए निदेशालय ने यह कदम उठाया है।